






आजमगढ़ जिले के सरायमीर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती टावर पर चढ़कर घंटों तक हंगामा करती रही। मामला निजामाबाद तहसील के शेरवा नहर के पास का है, जहां युवती करीब तीन घंटे तक टावर पर बैठी रही और नीचे आने से इनकार करती रही।
जानकारी के मुताबिक, जौनपुर जिले के शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली अंजली नाम की युवती अपने प्रेमी से मिलने सरायमीर के नंदाव गांव पहुंची थी। घर पर प्रेमी के न मिलने से नाराज होकर उसने पास के टावर पर चढ़कर विरोध जताना शुरू कर दिया और प्रेमी से मिलने की मांग करने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद करीब तीन घंटे में पुलिस टीम उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
वहीं, इस मामले में प्रेमी के पिता जुबेर अहमद का कहना है कि युवती पहले भी उनके बेटे के खिलाफ शाहगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवा चुकी है, जिसके चलते वह जेल जा चुका है। फिलहाल युवक मुंबई में नौकरी कर रहा है।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सूझबूझ से स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित कर लिया गया।
