






आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर डीपीएस स्कूल के पास सोमवार रात में एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक में जा घुसा।
बताया जा रहा है कि वाराणसी जनपद के मीरापुर बसही गांव निवासी रमेश प्रसाद के परिजन ऑटो (नंबर UP65JT7743) से आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चेवार पूरब गांव के पास तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रक ने लापरवाही से ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में ऑटो सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी टिकरगाढ़ (लालगंज) पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 30 वर्षीय सुस्मिता और उसके 4 वर्षीय बेटे कल्लू की मौत हो गई।
अन्य घायलों में सुख्खा देवी, सुशीला, परी और जय शामिल हैं, जिनका इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुल्तान खान को सौंपी गई है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
घटना के बाद मृतकों के घर में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
पटवध से बबलू राय
