बाजार में सड़क पर गिरा विशाल पेड़, घंटों थमा आवागमन, दर्जनों दुकानें, ठेले और टेम्पो क्षतिग्रस्त, बिजली आपूर्ति भी बाधित

Uncategorized

आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के सराय सागर-मालटारी बाजार में मंगलवार को तेज आंधी और भारी बारिश के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कई लोग बाल-बाल बच गए।
पेड़ की चपेट में आने से आसपास की दर्जनों दुकानों, ठेलों और टेम्पो समेत अन्य वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। इससे दुकानदारों और वाहन स्वामियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं पेड़ के गिरने से विद्युत लाइन भी प्रभावित हो गई, जिससे बाजार और आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। मुख्य मार्ग बाधित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक पेड़ हटाने और विद्युत व्यवस्था बहाल करने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से सड़क से पेड़ को तत्काल हटवाकर आवागमन सुचारु कराने और विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *