इलाज के दौरान बावर्ची की मौत, सड़क हादसे के चार दिन बाद तोड़ा दम

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह कस्बा निवासी 46 वर्षीय बावर्ची राजेश गौड़ पुत्र स्व. राममिलन की शनिवार दोपहर वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना जताई।
बताया जाता है कि राजेश गौड़ बीते बुधवार को अपने 20 वर्षीय पुत्र प्रवेश गौड़ के साथ बाइक से जौनपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जौनपुर जनपद के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र स्थित एकरामगंज बाईपास मार्ग पर अज्ञात पिकअप वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल जौनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राजेश गौड़ की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां चार दिन तक चले इलाज के बाद शनिवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी रेखा, दो पुत्र—प्रवेश (20 वर्ष) व अंश (18 वर्ष) तथा दो विवाहित पुत्रियां रागिनी और रोशनी को छोड़ गए हैं। वह छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।
राजेश गौड़ बरदह बाजार में मिष्ठान की दुकान चलाते थे और क्षेत्र में वैवाहिक कार्यक्रमों में खाना व मिठाई बनाने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *