






आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के महूजा नेवादा गांव निवासी 56 वर्षीय राजेश्वर राय पुत्र त्रिवेणी की शनिवार दोपहर तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश्वर राय दोपहर में घर से निकलकर गांव के पास स्थित तालाब पर हाथ-पैर धोने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया और किसी तरह बाहर निकाला।
इसके बाद उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
