एडीजी नवीन अरोड़ा ने किया आजमगढ़ पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण से लेकर लंबित विवेचनाओं तक की समीक्षा, पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश; जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और मीडिया से भी किया संवाद

Uncategorized

आजमगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने सोमवार को आजमगढ़ जनपद का वार्षिक निरीक्षण-2026 किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। साथ ही पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी कर अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय पहुंचने पर एडीजी को गार्द ने सलामी दी। इसके बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की मौजूदगी में उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय, आंकिक शाखा, डीसीआरबी समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव और कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित समीक्षा गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, विवेचनाओं की गुणवत्ता, लंबित मुकदमों एवं जनशिकायतों के निस्तारण, वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध तथा यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। एडीजी ने गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने और लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद पुलिस लाइन में एडीजी ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया और उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही गणमान्य नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों और व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में एडीजी नवीन अरोड़ा ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। इसमें वार्षिक निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों की जानकारी साझा की। मीडिया के सवालों का भी जवाब दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। समीक्षा गोष्ठी में अन्य जनपदों से आए आईपीएस अधिकारी भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *