






आजमगढ़, 05 मई 2026।
जनपद के तहबरपुर क्षेत्र अंतर्गत अल्लीपुर बाजार स्थित ‘माँ कमला जी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल’ पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई अस्पताल के खिलाफ मिली शिकायतों और निरीक्षण में पाई गई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई।
जांच के दौरान यह सामने आया कि अस्पताल शासन द्वारा निर्धारित कई अनिवार्य मानकों का पालन नहीं कर रहा था। इसके अलावा, यह भी शिकायत मिली कि अस्पताल में प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त चिकित्सकों के बजाय अपात्र व्यक्तियों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जो मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सालय प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया गया।
प्रशासन ने अस्पताल संचालक को निर्देश दिया है कि वह तीन दिन के भीतर सभी संबंधित अभिलेखों के साथ अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो आगे कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध और मानक विहीन अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
