पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्टंट करने वाले 5 युवक गिरफ्तार, वाहन सीज, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जनसुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी, सभी अभियुक्त भेजे गए जेल

Uncategorized

आजमगढ़, 05 मई 2026।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी और हुड़दंग कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना पांच युवकों को महंगा पड़ गया। थाना मुबारकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके वाहन को भी सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें कुछ युवक एक्सप्रेसवे पर वाहन के सामने खड़े होकर फोटो और वीडियो बना रहे थे। इस दौरान न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुबारकपुर थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अम्मान (19 वर्ष), नावेद (20 वर्ष), अनवर (27 वर्ष), राहत अली (25 वर्ष) और दानिश (19 वर्ष) निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर शामिल हैं। सभी आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि एक्सप्रेसवे और सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार की खतरनाक गतिविधियों से बचें। एक्सप्रेसवे पर वाहन रोकना, स्टंट करना या यातायात बाधित करना दंडनीय अपराध है।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *