






आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बेलऊ गांव में मंगलवार दोपहर खेत में काम कर रहे एक किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने तेज गर्मी और हीटवेव को मौत का कारण बताया है।
जानकारी के अनुसार बेलऊ गांव निवासी 60 वर्षीय फिरतू बिंद अपने खेत में प्याज की खुदाई करने के लिए परिवार के लोगों के साथ गए थे। दोपहर के समय तेज धूप और उमस के बीच खेत में काम करते समय अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उन्होंने खेत में दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और लू लगने के कारण उनकी जान चली गई। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी मणिक देवी, दो पुत्र और चार पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
