






आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र स्थित गोमाडीह हरिजन बस्ती में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग दंपत्ति अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान श्यामलाल (80) और उनकी पत्नी बसन्ता देवी (70) के रूप में हुई है। बताया गया कि श्यामलाल के चार पुत्र और एक पुत्री हैं तथा सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।
परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले ही बुजुर्ग दंपत्ति ने परिवार के सभी सदस्यों को बुलाकर अपनी जमीन का बंटवारा किया था। आरोप है कि बंटवारे के अगले दिन बड़े पुत्र और उसकी पत्नी का किसी बात को लेकर बुजुर्ग दंपत्ति से विवाद भी हुआ था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात श्यामलाल और बसन्ता देवी भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार सुबह जब छोटी बहू उन्हें जगाने पहुंची तो दोनों कमरे में मृत पड़े मिले। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक दंपत्ति की पुत्री ने अपनी बड़ी भाभी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि परिजनों द्वारा जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
