






आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक शादी समारोह उस समय हंगामे और तनाव का केंद्र बन गया, जब जयमाल के दौरान एक युवती पुलिस के साथ पहुंचकर दूल्हे पर पहले से प्रेम संबंध होने का दावा करने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी, पथराव और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मामला पटवध कौतुक हरिजन बस्ती का है। गांव निवासी राकेश कुमार के अनुसार, गुद्दुर पुत्र स्वर्गीय शिव की पुत्री की शादी मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी बृजेश कुमार पुत्र गुदरी के साथ तय थी। शुक्रवार शाम बारात पूरे धूमधाम से पहुंची और द्वारपूजा समेत कई वैवाहिक रस्में चल रही थीं।
इसी बीच थाना रौनापार क्षेत्र के बगही गांव की एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। युवती ने दावा किया कि उसका दूल्हे बृजेश के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध है और शादी उसी से होनी चाहिए। युवती के इस दावे के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो उठा।
ग्रामीणों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर कुछ बरातियों ने डायल 112 पुलिस और युवती पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हालात बिगड़ते देख पुलिस किसी तरह युवती को वहां से लेकर निकल गई और मामले की सूचना बिलरियागंज थाने को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस फोर्स के आने तक दूल्हा पक्ष मौके से फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि दूल्हा-दुल्हन सिंदूरदान के बाद वहां से निकल गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लड़की पक्ष का कहना है कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही दोनों की शादी तय हो चुकी थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। दूल्हा विदेश में रहता था और छुट्टी लेकर घर आया था। परिवार के अनुसार, शादी की तारीख 22 मई 2026 पहले से तय थी। आरोप है कि तीन दिन पहले भी वही युवती घर पहुंचकर शादी रुकवाने की धमकी दे चुकी थी। इसकी जानकारी लड़के पक्ष को भी दी गई थी, लेकिन उन्होंने आश्वासन दिया था कि कोई विवाद नहीं होगा।
अचानक हुए इस विवाद से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। लड़की पक्ष का कहना है कि खाने-पीने, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के सदमे से परिवार की एक महिला और एक युवती की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
