



आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन आयोजित प्रेरक व्याख्यान सत्र में “एकता और अनुशासन: विकसित राष्ट्र निर्माण के प्रमुख स्तंभ” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. मुकुल दत्त पाण्डेय ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता और अनुशासन किसी भी विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं, विशेषकर एनसीसी कैडेटों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का मंच नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेटों से अनुशासित जीवन शैली अपनाने, समय का सदुपयोग करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जब युवा एकता, कर्तव्यनिष्ठा और आत्मानुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हैं, तभी राष्ट्र विकास के नए आयाम स्थापित करता है। अपने व्याख्यान में उन्होंने स्वास्थ्य और आर्थिक दृष्टि से श्री अन्न (मिलेट्स) के महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा विविधताओं से भरे भारतीय समाज में सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकजुटता को विकास का आधार बताया।
कार्यक्रम के अंत में कैडेटों ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।
व्याख्यान का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन कैप्टन डॉ. इंद्रजीत ने व्यक्त किया। इस अवसर पर कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा एवं डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल जे.बी. सिंह ने डॉ. मुकुल दत्त पाण्डेय को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कैप्टन मदन मोहन पाण्डेय, सेकेंड अफसर दिनेश मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में कैडेट एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने व्याख्यान को प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताया।
