
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़ैला ताल से शनिवार की शाम एक युवती का सड़ा-गला शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि वह लगभग कंकाल में तब्दील हो चुका था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव का सिर गायब मिला, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी 24 वर्षीय ममता के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी मनोज यादव उर्फ मुरहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ममता की मौत और शव छिपाने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा और ममता के बीच पिछले करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध थे। 22 मई की रात ममता अपने घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
ममता की मां गीता देवी ने 19 जून को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर मनोज यादव पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
मेंहनगर थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 22 मई को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान धक्का लगने से ममता की मौत हो गई। घटना के बाद घबराए आरोपी ने शव को जहानागंज क्षेत्र स्थित बड़ैला ताल की झाड़ियों में छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर शनिवार को पुलिस बड़ैला ताल पहुंची और वहां से युवती का शव बरामद किया। शव काफी सड़-गल चुका था और कंकाल जैसी अवस्था में मिला।
मृतका के चाचा छोटेलाल राजभर ने बताया कि मौके से शव का धड़ बरामद हुआ है, जबकि सिर अभी तक नहीं मिला है। पुलिस सिर की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
