






आजमगढ़। थाना अतरौलिया पुलिस ने फर्जी चिकित्सक बनकर मरीजों का इलाज करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित कर लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा था। पुलिस ने उसे पीजीआई तिराहा से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह सामने आया कि अभियुक्तगण खुद को मान्यता प्राप्त डॉक्टर बताकर अवैध रूप से मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला का ऑपरेशन (डीएनसी) करते समय गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे उसकी आंत क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी जान पर बन आई।
जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी फर्जी चिकित्सकीय डिग्री का इस्तेमाल कर इलाज कर रहा था। इस मामले में थाना अतरौलिया पर मु0अ0सं0 402/25 के तहत धारा 110/318(4)/336(3)/340(2)/338/3(5) बीएनएस एवं 15(3) भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को उ0नि0 देवीशंकर पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर पीजीआई तिराहा, अतरौलिया से आरोपी मुकेश यादव (37) निवासी बसहिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और मानवाधिकार मानकों का पालन किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध चिकित्सा गतिविधियों और मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
