






आजमगढ़। आगामी 9 मई 2026 को जनपद न्यायालय में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर में जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली निकालकर लोगों को लोक अदालत के लाभों के प्रति जागरूक किया।
यातायात पुलिस की यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरी। इस दौरान लाउडस्पीकर और पम्पलेट्स के जरिए लोगों को बताया गया कि लोक अदालत में लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण आपसी सहमति से कराया जा सकता है। इसमें शमनीय आपराधिक वाद, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस (धारा 138 एनआई एक्ट), बैंक रिकवरी और यातायात चालान जैसे मामलों को शामिल किया गया है।
यातायात प्रभारी ने आमजन से अपील की कि जिन वाहन स्वामियों के चालान लंबे समय से लंबित हैं, वे 9 मई को लोक अदालत में पहुंचकर नियमानुसार छूट का लाभ उठाएं और अपने मामलों का निस्तारण कराएं। इससे समय की बचत के साथ-साथ अनावश्यक जुर्माने और कानूनी जटिलताओं से भी राहत मिलेगी।
बाइक रैली गिरजाघर चौराहा, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइन्स, रैदोपुर तिराहा और शारदा तिराहा सहित शहर के प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से संवाद कर अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में पहुंचने की अपील की।
