प्रसिद्ध शनिदेव शक्तिपीठ के ट्रस्ट को लेकर विवाद, दो पक्षों में हंगामा; पुलिस ने संभाला मोर्चा

Uncategorized

आजमगढ़। सगड़ी तहसील के हरैया ब्लॉक अंतर्गत बिलरियागंज थाना क्षेत्र के दान शनिचरा गांव स्थित प्रसिद्ध शनिदेव शक्तिपीठ में शनिवार को मंदिर के स्वामित्व और ट्रस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद सामने आया। मामला बढ़ने पर मंदिर परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार एक पक्ष के विंध्याचल मिश्रा मंदिर एवं उससे संबंधित भूमि पर अपना दावा करते हुए इसे निजी संपत्ति बता रहे हैं। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जेपी मिश्रा सहित स्थानीय ग्रामीण मंदिर को सार्वजनिक धार्मिक स्थल बताते हुए इसे गांव और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बता रहे हैं।
शनिदेव शक्तिपीठ के स्वामित्व और प्रबंधन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी और विरोध के चलते मंदिर परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जेपी मिश्रा ने कहा कि शनिदेव शक्तिपीठ क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के निजीकरण का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं चंद्रहास मिश्रा ने भी मंदिर को सार्वजनिक धार्मिक स्थल बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर विंध्याचल मिश्रा का कहना है कि शनिदेव शक्तिपीठ उनकी आबादी की भूमि पर स्थित है, इसलिए मंदिर पर उनका वैधानिक अधिकार है।
इस संबंध में बिलरियागंज थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *