आजमगढ़ में अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम, अटल चौराहा और शास्त्री तिराहा बनाने की मांग, भाजपा प्रदेश संयोजक सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को सौंपा प्रस्ताव

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के विकास, खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा महान राष्ट्रनायकों के सम्मान में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संयोजक (खेल प्रकोष्ठ), प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं निवर्तमान जिलाध्यक्ष भाजपा लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी आजमगढ़ से मुलाकात कर तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर कार्रवाई का अनुरोध किया।

सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी से जनपद की सदर तहसील के अंतर्गत 10 से 15 एकड़ उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित कराकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन आधुनिक खेल सुविधाओं और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण केंद्र के अभाव में खिलाड़ियों को दूसरे जनपदों का रुख करना पड़ता है।

प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, कराटे, जूडो, पेंचक सिलाट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग सहित विभिन्न इंडोर एवं आउटडोर खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के निर्माण से आजमगढ़ सहित पूरे पूर्वांचल के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

इसके साथ ही उन्होंने शहर के बवाली मोड़ रोडवेज चौराहा का नामकरण भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर ‘अटल चौराहा’ करने तथा वहां उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने का अनुरोध किया।

वहीं रेलवे स्टेशन तिराहे का नामकरण भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री जी के नाम पर ‘लाल बहादुर शास्त्री तिराहा’ करने तथा वहां उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की मांग भी रखी।

इस अवसर पर सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि आजमगढ़ के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खेल के माध्यम से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी जैसे महान राष्ट्रनायकों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उनके नाम पर चौराहों एवं तिराहों का नामकरण और प्रतिमाओं की स्थापना केवल स्मारक निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, संघर्ष, सादगी, राष्ट्रसेवा और राष्ट्रहित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों से परिचित कराने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि जब आने वाली पीढ़ियां इन महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास से गुजरेंगी तो उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित होंगी।

अंत में उन्होंने जिलाधिकारी से तीनों जनहितकारी प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई कराने तथा खेल स्टेडियम के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को शासन स्तर पर अग्रसारित करने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *