खेत में मेड़ बांधते समय फिसले किसान की मौत, सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के फतुही गांव में खेत में काम करते समय हुए हादसे में एक किसान की मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, फतुही गांव निवासी 54 वर्षीय जियालाल बिंद पुत्र रामपलट शनिवार को अपने खेत में मेड़ बांध रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह खेत में बने ट्यूबवेल पंप की सीमेंट की टंकी से जा टकराए। हादसे में उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें जौनपुर के एक अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई धामू बिंद ने स्थानीय थाने में घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
जियालाल बिंद अपने पीछे पत्नी सावित्री देवी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। इनमें एक पुत्री अभी अविवाहित है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को उनका अंतिम संस्कार बनवा महादेव स्थित बेसो नदी के तट पर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *