15 से 21 जून तक मनाया जाएगा योग सप्ताह, चन्द्रमा ऋषि आश्रम में होगा जनपदीय मुख्य आयोजन, सीडीओ ने दिए दिशा निर्देश, जनपदभर में होगा महाअभियान, हर तहसील और ग्राम पंचायत में कार्यक्रम

Uncategorized

आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में 15 से 21 जून तक “योग सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। योग सप्ताह और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्यता एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से 15 से 21 जून तक पूरे जनपद में योग सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सीडीओ ने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव को निर्देशित किया कि योग सप्ताह के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह का जनपदीय शुभारंभ तथा 21 जून को योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम प्रोटोकॉल के अनुसार चन्द्रमा ऋषि आश्रम में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सभी तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर कार्यक्रमों का उद्घाटन कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि योग कार्यक्रमों के आयोजन में पंचायती राज, ग्राम्य विकास, नगर विकास, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग समेत अन्य विभागों का समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में कार्यक्रम से पूर्व विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योगाभ्यास के लिए ऐसे स्थलों का चयन किया जाए जो जनपद की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करें। प्रमुख नदियों, झीलों, तालाबों, अमृत सरोवरों तथा प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थलों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सीडीओ ने यह भी निर्देश दिया कि जिन संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभागों एवं ग्राम पंचायतों द्वारा सर्वाधिक संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी आयोजन स्थलों पर शुद्ध पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव ने बताया कि विभाग की ओर से योग प्रशिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है। साथ ही विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षण देकर योग कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों सहित जनपद के सभी प्रमुख स्थलों पर योग सप्ताह के दौरान नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को योगाभ्यास भी कराया गया। इस अवसर पर डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव, पीडी डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद, डीसी एनआरएलएम डॉ. अराधना त्रिपाठी, डीआईओएस अजय कुमार, बीएसए राजीव पाठक, सीओ आस्था जायसवाल सहित जिला स्तरीय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *