मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली मासूम की जान: 12 वर्षीय आदित्य की दर्दनाक मौत, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

Uncategorized

महराजगंज से सतिराम (आजमगढ़)। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर (रूपयनपुर) गांव में रविवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक आदित्य निषाद की मौत हो गई। मिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार आदित्य निषाद अपने घर के सामने सड़क किनारे साइकिल चला रहा था। इसी दौरान मिट्टी लादकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई। बेटे का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से मिट्टी खनन और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर अंकुश लगाया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार गांव से गुजरने वाले मार्ग पर प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी का परिवहन किया जाता है। वाहन चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं और कई बार मोबाइल या हेडफोन का इस्तेमाल करते हुए भी देखे जाते हैं। ग्रामीणों ने कई बार इस संबंध में आपत्ति जताई, लेकिन वाहन मालिकों और चालकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली रूपयनपुर निवासी योगेंद्र यादव पुत्र कल्पू यादव की बताई जा रही है, जिसे उनका पुत्र सत्यम यादव चला रहा था। आरोप है कि वाहन पर पंजीकरण संख्या भी अंकित नहीं थी।
बताया गया कि मृतक आदित्य दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता का लगभग तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार का भरण-पोषण उसकी मां ही कर रही थी। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिजनों ने दोषी चालक, वाहन मालिक तथा अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *