
आजमगढ़ में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों की टंकियों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का गंभीरपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से पिकअप वाहन, कूटरचित नंबर प्लेट, डीजल निकालने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद गंभीरपुर के अलावा निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में डीजल चोरी की चार घटनाओं का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेंद्र राजभर निवासी बाऊडीह थाना मधुबन, मऊ, अक्षय कुमार निवासी बहोरनपुर थाना मधुबन, मऊ, चन्द्रिका निवासी रसूलपुर आश्रम थाना दोहरीघाट, मऊ और संजय कुमार निवासी गोपालपुर थाना गोला, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दो अक्टूबर की रात थनौली गांव के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी किया गया था। ट्रक मालिक अरविंद यादव की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सोमवार को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान रोहुआ तिराहे पर पुलिस को सूचना मिली कि डीजल चोरी करने वाला गिरोह बरवां मोड़ के पास पिकअप में सवार है।
सूचना पर पुलिस टीम ने बरवां मोड़ के पास घेराबंदी कर हाईवे किनारे खड़ी पिकअप को रोक लिया। वाहन में सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पिकअप पर UP54AT7843 नंबर की प्लेट लगी थी। जांच में यह नंबर एक ई-रिक्शा के नाम पंजीकृत मिला। चेसिस नंबर की जांच करने पर पिकअप का वास्तविक नंबर UP54AT7343 निकला, जो आरोपी अक्षय कुमार के नाम पंजीकृत है।
वाहन की तलाशी में प्लास्टिक की पाइप, हथौड़ी, छेनी, करीब 50 लीटर डीजल से भरा जरीकेन और 14 खाली जरीकेन मिले। आरोपियों की तलाशी में 9500 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दो अक्टूबर की रात थनौली के पास खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी किया था, जिसमें लगभग 50 लीटर डीजल बरामद हुआ है। आरोपियों ने 29 सितंबर की रात निजामाबाद क्षेत्र के नेवादा गांव के पास खड़े ट्रक से करीब 20 लीटर डीजल और रिंच चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इसके अलावा दो अगस्त को मुबारकपुर क्षेत्र के लोहरा सिक्स लेन के पास खड़े ट्रेलर से करीब 250 लीटर और उसी दिन कप्तानगंज क्षेत्र के तेरही गांव के पास हाईवे किनारे खड़े वाहन से करीब 360 लीटर डीजल चोरी करने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए डीजल को बेचकर मिली रकम में से 9500 रुपये आरोपियों के पास बचे थे। पूछताछ में सामने आई इन घटनाओं के आधार पर पुलिस ने गंभीरपुर, निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों की कुल चार घटनाओं का अनावरण किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। संजय कुमार के खिलाफ भी आजमगढ़, गोरखपुर और मऊ में चोरी व अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। शैलेंद्र राजभर के खिलाफ आजमगढ़ और बलिया में मामले दर्ज हैं, जबकि चन्द्रिका के खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गंभीरपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 238/2026 में धारा 303(2), 317(2), 317(4), 338, 340(2) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
