
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव में पारिवारिक जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई की मौत के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 9 जून को करसड़ा गांव में पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा ने अपने छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से ओमप्रकाश लहूलुहान होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मेहनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पत्नी शांति विश्वकर्मा की तहरीर के आधार पर थाना मेहनाजपुर में मुकदमा संख्या 57/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के निर्देशन में मेहनाजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 जून को मुखबिर की सूचना पर आरोपी जगदीश विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय सुखराम विश्वकर्मा निवासी करसड़ा को पंचायत भवन गंगवल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल हंसराज पटेल, कांस्टेबल सत्यम गुप्ता, अभिषेक चौधरी, योगेश शुक्ला तथा महिला कांस्टेबल अंजली देवी शामिल रहीं।
