पंजाब से पकड़ा गया शराब तस्करी गिरोह का सदस्य, 48 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर आजमगढ़ लाया गया, हरियाणा-पंजाब से शराब खरीदकर DCM के टूल बॉक्स में छिपाकर बिहार पहुंचाते थे तस्कर, गैंगस्टर एक्ट में चल रहा था मुकदमा

Uncategorized

आजमगढ़। अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई में आजमगढ़ पुलिस और एसटीएफ लखनऊ को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे गिरोह के सदस्य सुखविन्दर सिंह को एसटीएफ लखनऊ की टीम ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब न्यायालय से 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को शनिवार को थाना तहबरपुर लाया गया। अब उसे आजमगढ़ न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च 2025 को तहबरपुर पुलिस ने टीकापुर तिराहा क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के मघसिया अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान दो DCM वाहनों को रोककर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान दोनों DCM के टूल बॉक्स में छिपाकर रखी गई पंजाब और हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी। दोनों वाहनों से कुल 40 पेटी में 480 बोतल शराब मिली थी, जिसकी मात्रा करीब 360 लीटर और अनुमानित कीमत 2 लाख 21 हजार 400 रुपये बताई गई थी। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो DCM वाहन और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए थे।
इस मामले में थाना तहबरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 55/2025 के तहत धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अवैध शराब तस्करी में राजू सिंह, सुखविन्दर सिंह और गुरुप्रीत सिंह के नाम सामने आए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए संगठित तरीके से अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे।
आरोपियों की गतिविधियों के आधार पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत गैंगचार्ट तैयार किया गया, जिसका अनुमोदन 25 जनवरी 2026 को हुआ। इसके बाद थाना तहबरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 18/2026 के तहत धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना थाना कप्तानगंज पुलिस द्वारा की जा रही है।
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित सुखविन्दर सिंह की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ की टीम पंजाब में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान 10 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना बडाली आलासिंह, जनपद फतेहगढ़ साहिब की पुलिस के सहयोग से आरोपी को थाना परिसर के पास से शाम करीब 6:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे फतेहगढ़ साहिब की अदालत में पेश किया गया। वहां से एसटीएफ को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिला। रिमांड की अवधि में आरोपी को आज 12 सितंबर को थाना तहबरपुर लाया गया। पुलिस अब उसे आजमगढ़ न्यायालय में पेश करने की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखविन्दर सिंह पुत्र गुरूनाम सिंह, निवासी किला मोहल्ला वार्ड नंबर चार, रूम नंबर 171, बस्सी पठाना, थाना बस्सी पठाना, जनपद फतेहगढ़ साहिब, पंजाब, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। उसके खिलाफ तहबरपुर थाने में आबकारी अधिनियम का मुकदमा भी दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली एसटीएफ टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश मिश्र, हेड कांस्टेबल कवीन्द्र साहनी, हेड कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल यशवंत सिंह, कांस्टेबल बीर प्रताप और चालक कांस्टेबल शिवबीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *