फर्जी रसीद बनाकर बिजली बिल की रकम हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में उपभोक्ताओं से बिजली बिल के नाम पर रकम लेकर फर्जी रसीद देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, अवर अभियंता दिलीप कुमार ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर बताया कि मेसर्स फिल्टेक कलेक्शन एजेंसी का एजेंट राहुल राय उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करने के नाम पर पैसे लेता था, लेकिन विभाग में जमा नहीं करता था। इसके बदले वह उपभोक्ताओं को फर्जी रसीद दे देता था। जांच में कई लोगों से लाखों रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और बाद में संबंधित धाराओं में वृद्धि भी की गई।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी राहुल राय (25) को बदरका तिराहा से पहाड़पुर मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से गाजीपुर जनपद का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *