पोखरे में नहाने गया किशोर डूबा, मौत से परिवार में मचा कोहराम, घर से बकरी चराने के लिए निकला था

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के पसिका गांव में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पसिका गांव निवासी राज पुत्र घनश्याम (15 वर्ष) मंगलवार की शाम करीब 6 बजे बकरी चराने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह अलीपुर स्थित नए खुदे पोखरे में नहाने लगा। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
देर शाम गांव के कुछ लोग पोखरे के पास पहुंचे तो वहां किनारे पर राज के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने आशंका के आधार पर पोखरे में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान किशोर का शव पानी के अंदर मिला, जिसे बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राज की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार को मृतक की मां सविता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। गांव में भी घटना को लेकर गम का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *