






अतरौलिया । थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली विवाहिता ने गांव के ही तीन युवकों पर मारपीट करने और दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब 8 बजे वह किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान गोविंदपुर गांव निवासी तीन युवक—निखिल, गंगेश और शनि—उसे रास्ते में मिल गए। आरोप है कि तीनों ने उसे जबरन पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और घसीटते हुए लात-घूंसों से पीटा।
पीड़िता ने बताया कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। वह डर और चोट के कारण बेहोश हो गई। होश में आने के बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और थाने में तहरीर दी।
वहीं, पीड़िता की सास रामादेवी ने बताया कि उनकी बहू तीन बच्चों के साथ उन्हें खोजने निकली थी, तभी गांव के ही तीन लोगों ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे सोनू को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
