
आजमगढ़ एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने कोतवाली में तैनात सब इंस्पेक्टर विनेश वर्मा को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में लापरवाही बरतने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसएसपी ने अपराधियों के विरुद्ध चल रहे अभियान की समीक्षा के दौरान पाया कि थाना कोतवाली पर तैनात एक उपनिरीक्षक दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरत रहा है।
गंभीर प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की
संबंधित उपनिरीक्षक द्वारा हिस्ट्रीशीटर की निगरानी में रुचि न लेना, आवश्यक अभिलेखीय प्रविष्टियां न करना, गंभीर प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई न करना, मांगे गए स्पष्टीकरण का उत्तर प्रस्तुत न करना। साइबर हेल्प डेस्क पर लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में उदासीनता बरतना पाया गया।
प्रथम दृष्टया कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता का घोतक पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
3 दिन पूर्व 13 पुलिसकर्मी हो चुके हैं निलंबित
एसएसपी ने 7 जून को 13 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। इसके साथ ही 19 पुलिस कर्मियों के विरुद्ध जांच शुरू कर दी थी।
