
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने, आपराधिक छवि का प्रचार-प्रसार करने और युवाओं को गुमराह करने वाले तत्वों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत अब तक 76 गैंगों को चिन्हित किया गया है। अभियान के दौरान दर्ज छह मुकदमों में 14 आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय ऐसे गैंगों के सदस्य रील और वीडियो बनाकर हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे तथा क्षेत्र में भय और दबंगई का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे थे। अभियान के तहत इनकी पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कंधरापुर पुलिस को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान जानकारी मिली कि कुछ युवक अवैध असलहों के साथ वीडियो बनाकर “9959 गैंग” के नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। जांच में गोलू यादव और रामनगीना उर्फ नग्गू के नाम सामने आए, जिनकी तलाश की जा रही थी।
बुधवार को मड़या-सर्विस रोड मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस ने गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका साथी रामनगीना उर्फ नग्गू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर पम्प एक्शन गन, दो जिंदा कारतूस तथा स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP50CW9959 बरामद कर सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन कर भय और आतंक का माहौल बना रहा है अथवा आपराधिक गतिविधियों का प्रचार-प्रसार कर रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाने या जनपद पुलिस को दें। गोपनीय सूचना देने के लिए वाराणसी जोन के व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 का भी उपयोग किया जा सकता है।
पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत “ऑपरेशन वज्रपात” आगे भी लगातार जारी रहेगा।
