
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पटखौली गांव में बुधवार की शाम एक महिला की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। घटना को लेकर परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर महिला को परेशान करने और दौड़ाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय श्याम प्यारी मूल रूप से जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सोहरैया गांव की रहने वाली थीं। पति के निधन के बाद वह अपनी बेटी और दामाद के साथ पटखौली गांव में रह रही थीं तथा घरों में साफ-सफाई का कार्य कर जीविका चलाती थीं।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार शाम पड़ोस में रहने वाला बृजभान नामक युवक किसी बात को लेकर उन्हें चिढ़ा रहा था। इसी दौरान श्याम प्यारी उसकी ओर बढ़ीं, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से जमीन पर गिर पड़ीं। गिरने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा। :::
