नाबालिग को राजस्थान में बेचने का सनसनीखेज मामला: दो साल बाद राजस्थान निवासी कथित खरीदार गिरफ्तार, पुलिस ने दबोचा

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने के मामले में वांछित चल रहे सह-अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान का निवासी है और विवेचना में उसका नाम पीड़िता के कथित खरीदार के रूप में सामने आया था।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2024 को रौनापार थाने में एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के न्यायालयीन बयान, मेडिकल परीक्षण और आयु संबंधी दस्तावेजों के आधार पर मामले में विभिन्न गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने नाबालिग बालिका को राजस्थान ले जाकर बेच दिया था। इस मामले में पुलिस पहले ही चार अभियुक्तों और अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर चुकी है। आगे की विवेचना में राजस्थान के चूरू जनपद निवासी धर्मचन्द सैनी उर्फ धर्मराज सैनी का नाम कथित खरीदार के रूप में सामने आया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार पुलिस ने सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपी धर्मचन्द सैनी उर्फ धर्मराज सैनी पुत्र सीताराम सैनी निवासी ग्राम मेहरासर चाचेरा, थाना सरदार शहर, जनपद चूरू (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रदेव यादव, कांस्टेबल मन्दू यादव और कांस्टेबल अर्जुन कुशवाहा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *