
बिलरियागंज से बबलू राय (आजमगढ़)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गुलवा गौरी नहर के पास सोमवार देर रात करीब 11 बजे वैगनार कार और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वैगनार कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वैगनार कार आजमगढ़ की ओर से आ रही थी, जबकि पिकअप मोहम्मदपुर की तरफ से जा रही थी। दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर में वैगनार चालक अजीत सिंह (37) पुत्र अमरनाथ सिंह निवासी करखिया, थाना रौनापार समेत कार में सवार गौरव सिंह (25) पुत्र प्रमोद सिंह, शैलेश सिंह (28) पुत्र अरविंद सिंह, आर्यन सिंह (23) पुत्र राकेश सिंह, गोपाल सिंह पुत्र ओंकार सिंह तथा वीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय राजवंत सिंह निवासी करखिया घायल हो गए।
घटना की सूचना पर बिलरियागंज थाने के उपनिरीक्षक इसरार अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकलवाकर तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन अलाउद्दीन पट्टी निवासी राजू का है। दुर्घटना में पिकअप चालक सुरक्षित बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया।
