पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति गिरफ्तार, घरेलू विवाद में चाकू मारकर ली थी जान

Uncategorized

आजमगढ़। कप्तानगंज थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। आरोपी पर घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की मां ने थाना कप्तानगंज में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री की शादी वर्ष 2014 में नीरज निषाद के साथ हुई थी। आरोप है कि 19 जून 2026 को घरेलू विवाद के दौरान नीरज निषाद ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने परिजनों के साथ घर छोड़कर फरार हो गया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कप्तानगंज पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी नीरज निषाद पुत्र नन्दू निषाद निवासी अलहनी, थाना कप्तानगंज को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जय प्रकाश, आरक्षी दीपू यादव, महिला आरक्षी प्रीति यादव तथा आरक्षी सुधांशु सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *