
आजमगढ़। जनपद पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह की करीब 15 लाख रुपये मूल्य की चार गाड़ियों को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के विरुद्ध की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना बिलरियागंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरोह सरगना राज उर्फ सावरिया और उसके सहयोगी अरुण कुमार उर्फ समर के स्वामित्व वाले चार वाहनों को कुर्क कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा।
पुलिस के अनुसार थाना जीयनपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे की विवेचना के दौरान पता चला कि यह गिरोह प्रयागराज महाकुंभ, अयोध्या, काशी विश्वनाथ मंदिर, लखनऊ समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों और मेलों में श्रद्धालुओं के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी की टप्पेबाजी और स्नेचिंग कर अवैध संपत्ति अर्जित करता था।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में 5 जुलाई 2026 को चार वाहनों को कुर्क किया गया, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
कुर्क किए गए वाहन:
Maestro Edge (UP 50 CC 1456)
Hero Splendor+ XTEC (UP 50 DD 8778)
Hero Splendor+ XTEC (UP 50 CS 5876)
Hyundai Venue (UP 50 CS 6046)
इस कार्रवाई को थाना बिलरियागंज के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
