
आजमगढ़। जनपद पुलिस ने सोमवार को “ऑपरेशन दहन” के तहत विभिन्न थानों से बरामद अवैध मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। न्यायालय एवं संबंधित प्राधिकारी के आदेश पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में कुल 827.856 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5.82 करोड़ रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान 825.740 किलोग्राम गांजा, 2.116 किलोग्राम डायजापाम तथा अन्य मादक पदार्थों का मानक प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण किया गया।
मादक पदार्थों का विनष्टीकरण मार्टीनगंज क्षेत्र के भदो, माहुल स्थित मैसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड की इकाई में स्थापित इंसीनरेटर/बॉयलर के माध्यम से किया गया। पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में संपन्न हुई।
अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक सावधानियों तथा फोटो एवं वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन दहन” का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों के दुरुपयोग, तस्करी और उससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
