
आजमगढ़। थाना दीदारगंज पुलिस ने फर्जी चिकित्सकीय उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर वांछित डॉक्टर और उसके कम्पाउंडर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को पीड़ित के पति ने तहरीर देकर बताया था कि 3 जुलाई को पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। चिकित्सक ने अपने कम्पाउंडर को दवा और इंजेक्शन देकर घर भेजा, जहां इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद महिला की हालत और गंभीर हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए शाहगंज (जौनपुर) ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर थाना दीदारगंज में बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान कम्पाउंडर की पहचान नीरज कुमार प्रजापति के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने 6 जुलाई की सुबह करीब 7:40 बजे पल्थी बाजार (शाहगंज रोड तिराहा) से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
अशोक कुमार मौर्या, निवासी नौहरा, थाना दीदारगंज
नीरज कुमार प्रजापति, निवासी कैथौली, थाना दीदारगंज
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
