शादी समारोह में युवक की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Uncategorized

आजमगढ़। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की रात ग्राम डण्डवल में आयोजित शादी समारोह में भोजन करने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि अजीत यादव उर्फ भन्टा और उसके साथियों ने प्रितोष राजभर व ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रितोष राजभर की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में मृतक की मां चन्द्रकला की तहरीर पर मेंहनाजपुर थाने में धारा 105 एवं 115(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब 1:40 बजे करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत यादव उर्फ भन्टा (29) निवासी ग्राम डण्डवल, थाना मेंहनाजपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने शादी समारोह में हुए विवाद के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर प्रितोष और ओटू पर लाठी-डंडों से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस से बचने के लिए उसने मुठभेड़ के दौरान फायरिंग करने की भी बात कबूल की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, बलवा सहित कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *