खाली जमीन देखकर झंडा गाड़ देते हैं सपाई, अब कब्जा छोड़ना पड़ेगा: ओमप्रकाश राजभर कैबिनेट मंत्री, लालगंज सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर साधा निशाना, पीड़ितों को न्याय मिलने का दिया भरोसा

Uncategorized

अतरौलिया आशीष कुमार निषाद। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को स्थानीय निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। आजमगढ़ से जुड़े चर्चित भूमि कब्जा प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों की पुरानी प्रवृत्ति रही है कि वे खाली जमीन देखकर उस पर अपना झंडा गाड़ देते हैं और उसे अपना बताने लगते हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में ऐसी प्रवृत्तियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजभर ने कहा कि आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर करीब 50 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप है। सांसद की ओर से जमीन की रजिस्ट्री होने के दावे पर उन्होंने कहा कि यह फर्जी रजिस्ट्री का मामला है और केवल रजिस्ट्री के आधार पर किसी को अवैध कब्जे का अधिकार नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही थी और अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले का संज्ञान ले लिया है और अब अवैध कब्जा करने वालों को जमीन खाली करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।
संसद के आगामी मानसून सत्र पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में राजभर ने कहा कि संसद का प्रत्येक सत्र लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण होता है। 22 जुलाई से शुरू होने वाला मानसून सत्र भी देशहित और जनहित के कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और निर्णय का मंच बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दौरान विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित होंगे, जिससे आम जनता को लाभ मिलेगा। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था और भू-माफियाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अवैध कब्जों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *