
आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, अनुशासनहीनता तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में जनपद के मेंहनगर प्रभारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस लाइन से उप निरीक्षक अभिराज को मेंहनगर प्रभारी बनाया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ अनिल कुमार के निर्देश पर की गई।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संबंधित प्रभारी निरीक्षक द्वारा पाक्सो अधिनियम, हत्या एवं गैंगस्टर अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में शिथिलता बरती गई। इसके अलावा जनसुनवाई एवं जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में भी गंभीर लापरवाही पाई गई।
इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित प्रभारी निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपने पदीय दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। यदि भविष्य में किसी भी स्तर पर कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
