मदरसा शिक्षकों ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन, कैशलेस इलाज, लंबित एरियर भुगतान और रुके एग्रीमेंट जारी कराने समेत कई मांगें उठाईं

Uncategorized

आजमगढ़/अतरौलिया (आशीष कुमार निषाद)। टीचर्स एसोसिएशन मदारिसे अरबीया आजमगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अतरौलिया स्थित डाक बंगले में अल्पसंख्यक एवं पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात कर मदरसा शिक्षकों और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की, जिस पर मंत्री ने संबंधित मामलों को शासन स्तर पर उठाकर निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में मदरसा शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू करने, लंबे समय से लंबित एरियर का तत्काल भुगतान कराने तथा आजमगढ़ के जिन मदरसों के अध्यापकों और कर्मचारियों का एग्रीमेंट अल्पसंख्यक अधिकारी स्तर से रोका गया है, उसे तत्काल जारी कराने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

इसके अलावा कामिल और फाजिल की डिग्रियों को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय से संबद्ध कराने तथा एनपीएस से प्रभावित शिक्षकों और कर्मचारियों के खातों में संबंधित धनराशि प्रदर्शित किए जाने की मांग भी प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष रखी।

प्रतिनिधिमंडल के साथ मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने करीब एक घंटे तक बातचीत की। इस दौरान मदरसा शिक्षा व्यवस्था और मदारिसे अरबीया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं और मांगों से मंत्री को अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, आजमगढ़ के अल्पसंख्यक अधिकारी से संबंधित एक मामले में मंत्री ने फोन पर वार्ता कर उसके समाधान की पहल की। वहीं, जिन मामलों का संबंध विशेष सचिव अथवा शासन स्तर से है, उन्हें भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर समाधान कराने का भरोसा दिया।

इस अवसर पर मदारिसे अरबीया संगठन आजमगढ़ के अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद हारुन मिस्बाही, उपाध्यक्ष मौलाना मोहम्मद इसराइल आजमी, सचिव मास्टर मोहम्मद अरमान, सचिव मौलाना मोहम्मद गुलजार, मौलाना खुर्शीद आलम असरी, मौलाना सिराज अहमद, मौलाना खुर्शीद आलम मिस्बाही, मौलाना अतिउल्लाह, मौलाना मोहम्मद अब्दुल बारी नईमी आजमी, मौलाना मोहम्मद अख्तर रजा समेत अन्य पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *