मेडिकल स्टोर एजेंसी संचालक की रेल पटरी पर मिली लाश, रिश्तेदार के घर से फिर कभी नहीं मिलने की बात कह कर निकला था, परिवार में मातम

Uncategorized

आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के पकरोल गांव निवासी 29 वर्षीय युवक ने सोमवार देर रात जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र में मालगाड़ी ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अनुराग यादव (29) पुत्र रमाशंकर यादव, निवासी पकरोल, सोमवार रात खेतासराय बाजार में मौजूद था। मृतक के पिता रमाशंकर यादव के मुताबिक, रात करीब 9 बजे रिश्तेदार के साढ़ू के पुत्र सतीश यादव ने फोन कर बताया कि अनुराग खेतासराय बाजार में है और यह कहते हुए निकला है कि वह दोबारा नहीं मिलेगा।
सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग तत्काल खेतासराय बाजार पहुंचे और अनुराग की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान जानकारी मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला है। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान अनुराग यादव के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि अनुराग ने खेतासराय थाना क्षेत्र के रेलवे कासिमपुर मोहल्ले के पास शाहगंज-वाराणसी रेलवे लाइन पर मालगाड़ी के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मेडिकल एजेंसी चलाकर करता था दवा की सप्लाई
परिजनों के अनुसार, अनुराग कुशवा चितारा महमूदपुर बाजार में मेडिकल एजेंसी चलाता था और विभिन्न स्थानों पर दवाओं की सप्लाई करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार के साथ ही परिचितों और क्षेत्रीय लोगों में भी शोक की लहर है।
अनुराग की शादी हो चुकी थी। उसकी पत्नी मनीता देवी, मां ऊषा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के करीब 20 माह के जुड़वा बच्चे अनव और अन्या हैं। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अनुराग तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया।
घटना जौनपुर जनपद में होने के कारण संबंधित थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस युवक के इस कदम के पीछे के कारणों की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *