तांत्रिक बनकर दो सगी बहनों से दुष्कर्म, तीसरी से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार; झाड़-फूंक के नाम पर 4 साल तक करता रहा शोषण

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर थाना पुलिस ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर दो सगी बहनों से दुष्कर्म तथा तीसरी बहन से दुष्कर्म के प्रयास के सनसनीखेज मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने तांत्रिक होने का झांसा देकर परिवार का विश्वास जीता और अंधविश्वास का फायदा उठाकर वर्षों तक पीड़िताओं का शारीरिक शोषण करता रहा। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया कि गहनी खुर्द निवासी महफूज पुत्र अबूबकर पिछले चार-पांच वर्षों से उनके घर आता-जाता था। घटना वाले दिन उसने माता-पिता को मंत्र-जाप के बहाने घर के बाहर बैठा दिया और अंदर झाड़-फूंक करने के दौरान पीड़िता से दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।
घटना के बाद पीड़िता की दो सगी बहनों ने भी चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि महफूज ने तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर उन्हें डरा-धमकाकर कई वर्षों तक शारीरिक शोषण किया। आरोपी कथित तांत्रिक विद्या का भय दिखाते हुए किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी देता था, जिसके कारण वे लंबे समय तक चुप रहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फूलपुर में मु.अ.सं. 232/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1), 351(3), 352, 333 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने 22 जुलाई की रात करीब 11:26 बजे आरोपी महफूज (40 वर्ष) पुत्र अबूबकर, निवासी गहनी खुर्द, थाना फूलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार वर्मा एवं कांस्टेबल गौरव यादव की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *