
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव में बुधवार रात चोरों ने एक प्रवासी परिवार के घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य की नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। सूचना पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, दिलौरी गांव निवासी गोरखनाथ यादव खाड़ी देश दुबई में रहते हैं और करीब दो माह पहले ही विदेश से घर लौटे थे। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और एक कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात व नकदी समेट ली। इसके बाद दूसरे कमरे में रखे दो बक्से भी उठाकर बाहर ले गए और उन्हें खंगालकर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान चोरों ने बाहर से कमरे का दरवाजा भी बंद कर दिया, जिससे परिवार के लोग बाहर नहीं निकल सके।
गुरुवार भोर में जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। बाहर निकलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया। चोरी की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में रानी की सराय थाना पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर पांच सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, दो अंगूठियां, दो नथ, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण, 2500 यूएई दिरहम (विदेशी मुद्रा) तथा 27 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पीड़ित परिवार संयुक्त परिवार है, जिसमें तीन भाइयों का परिवार एक साथ रहता है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विमल राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
