
आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा–सरायमीर मार्ग पर रुपयों के विवाद से परेशान एक युवक ने पेड़ से लटककर विरोध प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे सूचना मिलने पर फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान फरहान पुत्र समीम अहमद, निवासी चकिया (वर्तमान में अपने ननिहाल में रहने वाला) के रूप में हुई। फरहान का आरोप है कि उसके दिवंगत मामू ने फरिहा निवासी तैय्यब को 1.75 लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन लंबे समय बाद भी रकम वापस नहीं की गई।
फरहान का कहना है कि उसने कई बार रुपये वापस मांगे, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। इसी से आक्रोशित होकर उसने पेड़ की ऊपरी डाल पर अपने पैर रस्सी से बांध लिए और नीचे लटककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद के समाधान और बकाया धनराशि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
