
आजमगढ़: फूलपुर थाना क्षेत्र में एक शातिर चोर को घर में चोरी करते समय रंगेहाथ पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस आरोपी को चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दिनेश पाण्डेय निवासी थाना फूलपुर ने तहरीर देकर बताया कि रवि यादव पुत्र शिवमूरत यादव, निवासी ग्राम फूलपुर देहात ऊदपुर, चोरी की नीयत से उनके घर के पिछले दरवाजे से अंदर घुस गया। आरोपी ने चार्जिंग में लगा एक मोबाइल और वादी की माता के पास रखा दूसरा मोबाइल चोरी कर लिया।
इसी दौरान जब वह वादी की पुत्री के पास रखा तीसरा मोबाइल चोरी करने का प्रयास कर रहा था, तभी उसकी नींद खुल गई। शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले आई।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 233/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी रवि यादव (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
बरामदगी: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार्बन कंपनी का K9 मॉडल का काला मोबाइल तथा टेक्नो कंपनी का KE5 मॉडल का आसमानी रंग का मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रवि यादव के खिलाफ फूलपुर थाने में पहले से भी चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। यह उसके खिलाफ दर्ज तीसरा आपराधिक मामला है।
