फर्जी खतौनी से 35 लाख की जमीन ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, चार सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश

Uncategorized

आजमगढ़: जिले में जमीन के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का अहरौला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड शोभनाथ सेठ समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा कार और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह फर्जी और कूटरचित खतौनी के सहारे जमीन बेचने का झांसा देकर लोगों से आरटीजीएस और नकद के माध्यम से रकम वसूलता था, लेकिन न तो जमीन का बैनामा करता था और न ही पैसा लौटाता था।
मामला अहरौला थाना क्षेत्र का है, जहां मतलूबपुर निवासी शोभनाथ सेठ पर दुर्गेश कुमार पांडेय से 35 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। शिकायत के बाद दर्ज मुकदमे की जांच में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शोभनाथ सेठ, उसके पुत्र इंद्र भूषण सेठ, भाई सुधीर सेठ और दनियालपुर निवासी मुन्नीलाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी दस्तावेज और कूटरचित खतौनी दिखाकर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद बैंक खाते में आरटीजीएस या नकद के जरिए रकम ले लेते थे। जब पीड़ित जमीन का बैनामा या पैसा वापस मांगते थे तो उन्हें गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मुख्य आरोपी शोभनाथ सेठ के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध एनआई एक्ट (चेक बाउंस) के करीब 20 मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *