ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर एनसीसी कैडेटों ने निकाली देशभक्ति रैली

Uncategorized

आजमगढ़। ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर शुक्रवार को 99 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से जनपद मुख्यालय पर देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर स्थित बटालियन मुख्यालय पर एनसीसी कैडेटों ने राष्ट्रगान और तिरंगे को सलामी देकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डीएवी महाविद्यालय और शिब्ली पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा।
इसके बाद कैडेटों ने बटालियन मुख्यालय से मंडलीय चिकित्सालय और मुकेरीगंज क्षेत्र तक रैली निकाली। रैली के दौरान कैडेटों ने देशभक्ति के नारे लगाकर लोगों में राष्ट्रप्रेम और जागरूकता का संदेश दिया।
रैली के समापन के बाद आयोजित वैचारिक गोष्ठी में ऑपरेशन सिंदूर की महत्ता पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सेना के शौर्य, साहस और बलिदान की गाथाओं से कैडेटों को अवगत कराया। इस दौरान ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जीवन में अपनाने पर जोर दिया गया।
बताया गया कि बटालियन से संबद्ध चंडेश्वर, मालटारी, मोहम्मदाबाद, तेन्दुआईकलां और चितबहाल सहित विभिन्न कॉलेजों में भी ऑपरेशन सिंदूर के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *