
आजमगढ़: आगामी श्रावण मास और त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 12 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभियान के दौरान निजामाबाद से पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल, सरसेना खालसा से पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल, गंभीरपुर से रिफाइंड सोयाबीन तेल और कलाकंद बर्फी, महराजगंज से गुलाब जामुन, लाटघाट से बर्फी, जहानागंज से मूंगफली का दाना, परानापुर से दूध, छितौनी से अरहर दाल तथा बूढ़नपुर से सरसों के तेल का नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा विभाग द्वारा जारी खाद्य पंजीकरण प्रमाणपत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से व्यापारियों और आम लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का प्रचार-प्रसार भी किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि पर्व और त्योहारों को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि खुले में रखे या अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहित खाद्य पदार्थों का सेवन न करें और केवल स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही खरीदें।
