
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना 27 सितंबर की है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
गंभीरपुर निवासी सुनील सोनकर ने 28 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 27 सितंबर की शाम करीब चार बजे ठेला लगाने की बात को लेकर भोनू सोनकर, दीपक सोनकर और लालू सोनकर ने एकराय होकर उनके भाई कन्हैया सोनकर के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में टीम ने गंभीरपुर क्षेत्र से दो वांछित आरोपियों को करीब 1:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गंभीरपुर निवासी 25 वर्षीय भोनू सोनकर पुत्र रामवृक्ष सोनकर और मऊ जिले के घोषी थाना क्षेत्र के भीरा निवासी 19 वर्षीय लालू उर्फ विपिन सोनकर पुत्र लालधर सोनकर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह समेत छह पुलिसकर्मी शामिल रहे।
