अखिलेश यादव 25 जुलाई को आजमगढ़ आएंगे, दिवंगत विधायक आलम बदी आज़मी को देंगे श्रद्धांजलि; सपा कार्यालय में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा

Uncategorized

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार, 25 जुलाई 2026 को आजमगढ़ के दौरे पर रहेंगे। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली से जारी कार्यक्रम के अनुसार वह दिवंगत निजामाबाद विधायक आलम बदी आज़मी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके परिजनों से मिलकर शोक-संवेदना व्यक्त करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर आलम बदी आज़मी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जारी कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव शनिवार सुबह 11:00 बजे लखनऊ स्थित 1, विक्रमादित्य मार्ग आवास से कार द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 2:00 बजे आजमगढ़ शहर के 145, कुर्मी टोला स्थित दिवंगत विधायक आलम बदी आज़मी के आवास पहुंचेंगे। वहां वह उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, परिजनों से मुलाकात कर शोक-संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद 2:45 बजे आजमगढ़ से प्रस्थान कर शाम 5:45 बजे लखनऊ लौटेंगे। उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अखिलेश यादव को जेड प्लस (Z+) श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसके मद्देनज़र पुलिस एवं प्रशासन को बॉर्डर-टू-बॉर्डर एस्कॉर्ट सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, आजमगढ़ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता तथा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव के संचालन में नेताओं ने आलम बदी आज़मी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि आलम बदी आज़मी ईमानदारी और सादगी के प्रतीक थे तथा हमेशा सत्य और न्याय के पक्ष में खड़े रहे। पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव ने उन्हें आदर्श व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने सिद्धांतों के अनुरूप पूरी सादगी से जीवन जिया। पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव ने कहा कि उनकी स्पष्टवादिता, ईमानदारी और सादगी उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाती थी।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि आलम बदी आज़मी केवल एक नेता नहीं बल्कि एक विचारधारा थे। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और आदर्शों को याद करेगी।
श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, विधायक अखिलेश यादव, बेचई सरोज, पूजा सरोज, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *