10,000 की रिश्वत लेते धराया लेखपाल, भूमि की पैमाइश के नाम पर मांग रहा था घूस, पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन संगठन ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए लालगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार स्थित एक चाय की दुकान पर की गई, जहां पहले से जाल बिछाकर बैठी एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ मेहनाजपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तरवां थाना क्षेत्र के निवासी काश्तकार धर्मेंद्र शर्मा उर्फ बबलू ने एंटी करप्शन थाना, आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि लालगंज तहसील में तैनात लेखपाल संतलाल गौतम उनकी भूमि की पैमाइश कराने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। आरोप था कि धारा-24 के तहत भूमि की पैमाइश की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर लेखपाल लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था और बिना पैसे लिए काम करने से इंकार कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जिलाधिकारी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। जिलाधिकारी से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई गई। नियमानुसार दो सरकारी गवाहों को शामिल किया गया और शिकायतकर्ता को रिश्वत के लिए तैयार किए गए नोट उपलब्ध कराए गए।
पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शुक्रवार रात करीब आठ बजे शिकायतकर्ता ने आरोपी लेखपाल को परमानपुर बाजार स्थित एक चाय की दुकान पर बुलाया। जैसे ही लेखपाल ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत अपने हाथ में ली, पहले से आसपास सादी वर्दी में मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
टीम ने मौके पर ही रिश्वत की रकम बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपी लेखपाल को हिरासत में लेकर मेहनाजपुर थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एंटी करप्शन अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्यों के बदले रिश्वत मांगना गंभीर अपराध है और भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तत्काल एंटी करप्शन संगठन से करें। शिकायत सही पाए जाने पर इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *